मोबाइल इंडस्ट्री में साल 2026 की शुरुआत के साथ इस महीने कई स्मार्टफोन लॉन्च होंगे। पहले हफ्ते में ही करीब आधा दर्जन नए स्मार्टफोन आएंगे। इस महीने रेडमी 'नोट 15' सीरीज लॉन्च करेगी, तो वहीं रियलमी 200MP कैमरा वाली अपनी '16 प्रो' सीरीज पेश करने जा रही है।
सबसे ज्यादा चर्चा सैमसंग के पहले तीन बार मुड़ने वाले ट्राई फोल्ड फोन की है, जो इसी महीने भारतीय बाजार में एंट्री कर सकता है। इन स्मार्टफोन्स में 9000mAh तक की बड़ी बैटरी और स्नैपड्रैगन 8 जेन 5 जैसे लेटेस्ट प्रोसेसर देखने को मिलेंगे।
रेडमी नोट 15 के साथ 6 जनवरी से होगी साल की शुरुआत
शाओमी के सब-ब्रांड रेडमी की नोट 15 सीरीज 6 जनवरी को भारत में लॉन्च होगी। इस फोन में 108MP का मेन कैमरा और 20MP का सेल्फी कैमरा मिलेगा। इसमें 6.77-इंच की AMOLED डिस्प्ले दी गई है जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें स्नैपड्रैगन 6 जेन 3 प्रोसेसर और 5,520mAh की बैटरी के साथ 45W फास्ट चार्जिंग मिलेगी। इसकी शुरुआती कीमत ₹18,000 से ₹22,000 के बीच हो सकती है।
रियलमी 16 प्रो: 200MP कैमरा और नए कलर्स
रियलमी फैंस के लिए जनवरी खास होने वाला है। कंपनी अपनी 'नंबर सीरीज' के तहत रियलमी 16 प्रो को 'मास्टर गोल्ड' और 'ऑर्किड पर्पल' कलर में पेश करेगी। इसमें मीडियाटेक प्रोसेसर के साथ 12GB रैम और 6500mAh की बड़ी बैटरी मिल सकती है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिए जाने की चर्चा है।