Technology

जयपुर में NEET PG-2026 परीक्षा में हंगामा: बार-बार बंद हुए कंप्यूटर, परीक्षा कैंसिल; 5 सितंबर को फिर होगी

जयपुर। सीतापुरा स्थित ION डिजिटल जोन सेंटर पर NEET PG-2026 परीक्षा के दौरान शनिवार को जमकर हंगामा हो गया। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर बार-बार बंद होते रहे, जिससे उनका पेपर प्रभावित हुआ। छात्रों के मुताबिक करीब दो घंटे में कई बार परीक्षा बाधित हुई।

हंगामा बढ़ने के बाद इस सेंटर की परीक्षा कैंसिल कर दी गई है। अब इस केंद्र पर परीक्षा 5 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा खत्म होने के बाद सैकड़ों परीक्षार्थियों ने सेंटर के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।

दो घंटे में कई बार बाधित हुई परीक्षा

परीक्षार्थियों के अनुसार परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते करीब 10 बजे शुरू हुई। परीक्षा शुरू होने के बाद भी कंप्यूटर सिस्टम बार-बार बंद होते रहे। छात्रों का दावा है कि करीब दो घंटे में 10 बार तक परीक्षा बाधित हुई।

कुछ कंप्यूटर दोबारा शुरू होने के बाद स्क्रीन पर सिर्फ 3 से 4 सवाल दिखाई दिए, जबकि कुछ परीक्षार्थियों के सिस्टम पर 5 से 6 सवाल आने के बाद फिर कंप्यूटर बंद हो गए।

छात्रों का आरोप है कि लगातार आ रही तकनीकी समस्या को लेकर सेंटर के स्टाफ ने उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इससे परीक्षार्थियों में नाराजगी बढ़ती गई।

पेपर लीक की आशंका जताई

बार-बार सिस्टम बंद होने और अलग-अलग कंप्यूटर पर अलग-अलग सवाल दिखाई देने के बाद कुछ परीक्षार्थियों ने परीक्षा की गोपनीयता को लेकर भी सवाल उठाए। छात्रों ने पेपर लीक की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

परीक्षार्थियों का कहना है कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में तकनीकी खामी के कारण उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि कई अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय और सामान्य परिस्थितियों में परीक्षा देने का अवसर नहीं मिला।

पुलिस पर भी लगाए आरोप

विरोध कर रहे छात्रों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का दावा है कि जब उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से करने की कोशिश की तो उन्हें प्रदर्शन जारी रखने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

छात्रों के अनुसार, उन्हें कहा गया कि यदि वे सेंटर के बाहर प्रदर्शन करते रहे तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सकता है। इससे परीक्षार्थियों में और नाराजगी फैल गई।

5 सितंबर को फिर होगी परीक्षा

स्थिति बिगड़ने के बाद इस केंद्र पर आयोजित परीक्षा को कैंसिल कर दिया गया। अब यहां परीक्षा 5 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी। इससे प्रभावित अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

परीक्षार्थियों की मांग है कि तकनीकी खराबी और परीक्षा के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं की जांच की जाए। साथ ही पेपर की गोपनीयता को लेकर उठे सवालों पर भी स्पष्ट जवाब दिया जाए।

NEET-UG पेपर लीक से जुड़ा था जयपुर कनेक्शन

गौरतलब है कि इससे पहले NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर भी पेपर लीक के आरोप सामने आए थे। आरोपों के बाद 3 मई को हुई परीक्षा रद्द कर दी गई थी और NTA ने 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई थी।

पेपर लीक मामले के तार जयपुर समेत राजस्थान के कई शहरों से जुड़े होने की बात सामने आई थी। मामले में राजस्थान से गिरफ्तारियां भी हुई थीं। ऐसे में अब NEET PG परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ी और छात्रों की ओर से पेपर लीक की आशंका जताए जाने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है।

फिलहाल छात्रों की मुख्य मांग पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता की है। सेंटर पर परीक्षा रद्द होने के बाद अब 5 सितंबर को होने वाली पुनर्परीक्षा पर सभी की नजर रहेगी।