Technology

पोको M8 स्मार्टफोन भारत में लॉन्च, शुरुआती कीमत ₹15,999

टेक कंपनी शाओमी की सब ब्रांड पोको ने आज (8 जनवरी) भारत में अपनी 'M' सीरीज के नए स्मार्टफोन 'पोको M8' को लॉन्च कर दिया है। 5G स्मार्टफोन को 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा, स्नैपड्रैगन 6 जेन 3 प्रोसेसर और कर्व्ड OLED डिस्प्ले के साथ मार्केट में उतारा गया है।

पोको M8 को 3 स्टोरेज ऑप्शन के साथ लॉन्च किया गया है। इसके कीमत 21,999 रुपए से शुरू होती है। इसकी सेल 13 जनवरी दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। लॉन्च ऑफर के तहत क्रेडिट पर 2,000 रुपए का इंस्टेंट डिस्काउंट या 6 महीने तक का नो-कॉस्ट EMI ऑप्शन मिलेगा।

इसके अलावा, इंट्रोडक्टरी ऑफर के तौर पर बेस वैरियंट को 15,999 रुपए की कीमत पर सिर्फ 12 घंटे के लिए अवेलेबल कराया जाएगा। यह ऑफर सिर्फ 13 जनवरी को दोपहर 12 बजे से शुरू होगा और अगले 12 घंटे तक लागू रहेगा। भारत में ये नथिंग फोन (3a) लाइट, रियलमी 15T, इन्फिनिक्स GT 30 और वीवो Y400 प्रो जैसे स्मार्टफोन को टक्कर देगा।

पोको M8 के डिजाइन में प्रीमियम लुक देने की कोशिश की गई है। फोन सिर्फ 7.35mm पतला है, इसका वजन 178 ग्राम है और इसमें 3D कर्व्ड बॉडी डिजाइन मिलता है, जो इसे हाथ में पकड़ने पर एक फ्लैगशिप फोन जैसा फील देगी।

फोन के फ्रंट में बेहद पतले बेजल्स और सेंटर पंच-होल सेल्फी कैमरा दिया गया है। इसमें हाई रिफ्रेश रेट वाला पैनल मिलेगा, जिससे स्क्रॉलिंग और एनिमेशन स्मूथ मिलते हैं। बैक पैनल पर टेक्स्चर फिनिश और एक बड़ा कैमरा मॉड्यूल है।

डिस्प्ले: फोन में 6.77 इंच की बड़ी और किनारों से मुड़ी हुई (3D कर्व्ड) एमोलेड स्क्रीन दी गई है। इसकी ब्राइटनेस 3200 निट्स है, जिसका मतलब है कि तेज धूप में भी आपको स्क्रीन साफ नजर आएगी। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट दिया गया है, यानी डिस्प्ले काफी स्मूथ है। खास तकनीक (TÜV सर्टिफिकेशन) की वजह से लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करने पर भी आंखों में थकान कम होगी।