World

वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर, राजस्थान में दिन में भी बढ़ी कड़ाके की ठंड

वेस्टर्न डिस्टरबेंस से राजस्थान में अब दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने शुक्रवार को 20 जिलों में घना कोहरा रहने का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

इंडिगो एयरलाइंस ने उदयपुर और जैसलमेर में फ्लाइट देरी की भी आशंका जताई है। वहीं, श्रीगंगानगर में तेज सर्दी के कारण 10 जनवरी तक आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया गया है। सीकर और जयपुर सहित कई जिलों में आज भी बादल छाए हुए हैं।

जबकि 4 जनवरी से राज्य में कोल्ड-वेव चलने और न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना जताई है। वहीं, गुरुवार को प्रदेश के कुछ शहरों में तो दिन और रात में सर्दी एक समान रही।

श्रीगंगानगर में सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। जयपुर, अलवर, बीकानेर, चूरू में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। गुरुवार देर शाम होने के साथ ही उत्तरी जिलों में कोहरा पड़ना शुरू हो गया। नए साल की शुरुआत से ही सर्दी के साथ कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है। शुक्रवार सुबह भी जयपुर, भरतपुर, सीकर, दौसा सहित कई जिलों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब रही।

वहीं, जैसलमेर और उदयपुर में धुंध के कारण फ्लाइट संचालन पर असर की आशंका है। इंडिगो एयरलाइंस ने इन शहरों में आने-जाने वाले पैसेंजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की है।

कई जिलों में बादल भी छाए हुए हैं। जयपुर में सुबह से चल रही शीतलहर के कारण तापमान में भी तेज गिरावट हुई है। श्रीगंगानगर जिले में शीतलहर और तेज ठंड का कहर जारी है। इसके चलते जिला कलेक्टर ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 2 जनवरी से 10 जनवरी तक छुट्टियां घोषित की है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- प्रदेश में 4 जनवरी से सर्दी तेज होगी और रात का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है।

गुरुवार को अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। कल सबसे कम न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस अलवर में दर्ज हुआ।