World

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर तकरार: लुटनिक बोले– मोदी ने ट्रम्प को फोन नहीं किया, MEA ने दावे को बताया गलत

अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने दावा किया है कि भारत के साथ डील किसी पॉलिसी विवाद की वजह से नहीं रुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को सीधे फोन न करना इसकी वजह है। लुटनिक के मुताबिक ट्रम्प चाहते थे कि मोदी खुद उनसे बात करके डील फाइनल करें, लेकिन ऐसा न होने पर ट्रम्प ने इसे अपने 'ईगो' पर ले लिया।

वहीं भारत के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी कॉमर्स सेक्रेटरी हावर्ड लुटनिक के बयान को गलत बताया है। MEA स्पोक्सपर्सन रणधीर जायसवाल ने कहा कि पीएम मोदी और प्रेसिडेंट ट्रम्प 2025 में 8 बार फोन पर बात कर चुके हैं।

लीडरशिप लेवल पर कम्युनिकेशन बना हुआ है: MEA

रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने ये रिमार्क्स देखे हैं। भारत और अमेरिका फरवरी 13, 2025 से ही बाइलेटरल ट्रेड एग्रीमेंट पर कमिटेड हैं। कई राउंड नेगोशिएशन हो चुके हैं और कई बार हम डील के करीब पहुंचे। रिपोर्टेड रिमार्क्स में इन डिस्कशंस की कैरेक्टराइजेशन सही नहीं है।'

जायसवाल ने आगे कहा, 'भारत दो कॉम्प्लिमेंट्री इकोनॉमीज के बीच म्यूचुअली बेनिफिशियल डील पर कमिटेड है। वैसे, पीएम मोदी और प्रेसिडेंट ट्रंप 2025 में 8 बार फोन पर बात कर चुके हैं, जिसमें हमारी वाइड रेंजिंग पार्टनरशिप के अलग-अलग ऐस्पेक्ट्स कवर हुए।'

MEA ने साफ किया कि भारत म्यूचुअली बेनिफिशियल ट्रेड डील पर आगे बढ़ना चाहता है। दोनों देशों के बीच नेगोशिएशन जारी रह सकते हैं। मोदी-ट्रंप की 8 बातचीत से साफ है कि लीडरशिप लेवल पर कम्युनिकेशन बना हुआ है।

'डील तैयार थी, मोदी को बस एक फोन करना था'

एक पॉडकास्ट में लुटनिक ने बताया था कि भारत के साथ ट्रेड डील लगभग पूरी हो चुकी थी। भारत को बातचीत फाइनल करने के लिए 'तीन शुक्रवार' का समय दिया गया था। लुटनिक ने कहा, "पूरी डील सेट थी, ट्रम्प खुद इसे क्लोज करना चाहते थे। इसके लिए बस मोदी को राष्ट्रपति को कॉल करना था। भारतीय पक्ष ऐसा करने में असहज था और मोदी ने कॉल नहीं किया।

वियतनाम और इंडोनेशिया से डील, भारत पीछे छूटा

अमेरिकी वाणिज्य मंत्री ने खुलासा किया कि भारत के देरी करने का फायदा दूसरे देशों को मिला। उन्होंने कहा, 'हमने सोचा था कि भारत के साथ डील पहले होगी, लेकिन मोदी के कॉल न करने पर हमने इंडोनेशिया, फिलीपींस और वियतनाम के साथ ट्रेड डील कर ली।'

लुटनिक ने ब्रिटेन का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने समय सीमा खत्म होने से पहले खुद ट्रम्प को फोन किया और अगले ही दिन डील का ऐलान हो गया।