World

टी-20 वर्ल्ड कप: भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले हैंडशेक विवाद

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से पहले शनिवार को कोलंबो में प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने हैंडशेक विवाद पर कहा- इसका जवाब हम कल मैदान पर देंगे।

इसके बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से भी हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर वे बोले- 24 घंटे इंतजार कीजिए, तब देखेंगे। पिछले साल हुए एशिया कप 2025 में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव समेत सभी प्लेयर्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था।

सूर्यकुमार ने कहा था कि उनकी टीम पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाएगी। यह फैसला पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए भारतीय नागरिकों के सम्मान में लिया गया था। इसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के समर्थन के तौर पर भी देखा गया था। दोनों टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला रविवार को कोलंबो में खेला जाएगा।

अभिषेक शर्मा खेलेंगे

सूर्यकुमार ने साफ कहा कि ओपनर अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि अगर पाकिस्तान कप्तान चाहते हैं तो हम अभिषेक को खिलाएंगे।

‘मैच अच्छे जज्बे में खेला जाना चाहिए’

आगा से भारत-पाक मैच के माहौल और राजनीति से अलग खेल भावना पर सवाल हुआ। उन्होंने कहा, मैच अच्छे जज्बे में खेला जाना चाहिए। मेरा मानना मायने नहीं रखता। खेल जैसे शुरू से खेला जाता रहा है, वैसे ही होना चाहिए।

'इतिहास नहीं बदल सकते'

आगा ने माना कि वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने कहा, इतिहास नहीं बदल सकते। रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन इस बार बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।