प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने क्रिकेट और बैडमिंटन किट घोटाले की चल रही जांच में बहरोड़ विधानसभा के पूर्व विधायक बलजीत यादव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बलजीत यादव ने विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA-LAD फंड) में करीब 2.87 करोड़ रुपये का गबन किया और इस राशि को अपने रिश्तेदारों के खातों में भेज दिया, जिसमें से कुछ का इस्तेमाल संपत्ति खरीदने में भी किया गया था।
यह घोटाला साल 2021-22 में बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के लगभग 32 सरकारी स्कूलों के लिए बैडमिंटन और क्रिकेट किट की खरीद से संबंधित है, जिस पर MLA-LAD फंड से 3.72 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। आरोप है कि इस राशि का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया। ईडी ने दिसंबर 2024 में पीएमएलए अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ईडी ने मंगलवार रात अलवर के शाहजहांपुर टोल प्लाजा से पूर्व विधायक बलजीत यादव को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए जयपुर स्थित ईडी कार्यालय ले जाया गया, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में ईडी ने पूर्व विधायक को पीएमएलए के तहत तीन दिन की रिमांड पर लिया है।
जांच के तहत, 24 जनवरी, 2025 को जयपुर और दौसा (राजस्थान) तथा रेवाड़ी (हरियाणा) में 9 स्थानों पर पीएमएलए-2002 के नियमों के तहत तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान 31 लाख रुपये नकद, जाली दस्तावेज, रिकॉर्ड और कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए, जिनसे MLA-LAD फंड के दुरुपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं।