Rajasthan

कांग्रेस नेता बोले- महंगाई बढ़ रही,राहत देने के प्रयास नहीं

जयपुर में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने शुक्रवार को कांग्रेस के शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कहा कि राजधानी में ही लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जो प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। यह विरोध प्रदर्शन एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर किया गया था।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे, जिन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के समय धार्मिक मुद्दों को उठाती है, लेकिन आम जनता से जुड़े मुद्दों पर काम नहीं करती है। उन्होंने खाद्य सुरक्षा योजना का जिक्र करते हुए बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिससे गरीब परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने की घटना का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार जमीनी मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि पार्टी के साथ मजदूर, किसान, नौजवान और महिलाएं खड़ी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।

इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सीपी जोशी, बीडी कल्ला सहित कई प्रमुख नेता शामिल थे। कांग्रेस नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि शहर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से आम लोगों को परेशानी हो रही है और गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लगी हैं।

Similer Posts