Politics

चपदरा रिफाइनरी पर छिड़ा सियासी संग्राम: सीएम भजनलाल के बयान पर गहलोत का पलटवार, मदन राठौड़ बोले- 'जनता को गुमराह करना बंद करें'

जयपुर। बालोतरा के पचपदरा में देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ ही राजस्थान में इस पर सियासत गरमा गई है। रिफाइनरी के श्रेय और इसके इतिहास को लेकर कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर तीखा वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के एक बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि 'मुख्यमंत्री को रिफाइनरी के इतिहास की बुनियादी जानकारी तक नहीं है।' इस पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गहलोत को जनता को गुमराह न करने की नसीहत दी है।

 

गहलोत ने शेयर की 2013 की तस्वीरें: बोले- 'सोनिया गांधी ने किया था वास्तविक शिलान्यास'

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर साल 2013 की ऐतिहासिक तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए गहलोत ने लिखा:

"मुख्यमंत्री को शायद यह ज्ञात ही नहीं है कि पचपदरा रिफाइनरी का वास्तविक शिलान्यास साल 2013 में ही यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और तत्कालीन पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली द्वारा किया जा चुका था। ये तस्वीरें उसी ऐतिहासिक मौके की हैं।"

 

'अधिकारियों से सही आंकड़े मंगवाकर पढ़ लें सीएम'

अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पूर्व में भी रिफाइनरी में केंद्र और राज्य की हिस्सेदारी को लेकर गलत बयान दे चुके हैं। गहलोत ने तीखे लहजे में कहा, "मुख्यमंत्री को यदि इतिहास की जानकारी नहीं है, तो वे सार्वजनिक रूप से गलत बयानबाजी करने के बजाय अपने अधिकारियों से सही आंकड़े और दस्तावेज मंगवाकर पढ़ लें।"

गहलोत ने भाजपा पर परियोजना को अटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार और राज्य की तत्कालीन भाजपा सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पांच साल तक ठंडे बस्ते में डाले रखा। इसी देरी के कारण प्रोजेक्ट की लागत 37,000 करोड़ रुपए से दोगुनी बढ़कर लगभग 80,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गई।

 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का जवाब: 'गहलोत साहब, भ्रम फैलाना बंद करें'

गहलोत के इस हमले के बाद भाजपा भी पूरी तरह हमलावर मूड में आ गई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी 'एक्स' पर पलटवार करते हुए मोर्चा संभाला। राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए साफ तौर पर कहा, "गहलोत साहब, पचपदरा रिफाइनरी को लेकर जनता को गुमराह करना और भ्रम फैलाना बंद करें।" भाजपा का स्पष्ट मत है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने केवल चुनावी लाभ के लिए जल्दबाजी में शिलान्यास किया था, जबकि असली काम भाजपा शासन में हुआ है।

 

चुनौतीपूर्ण था HPCL को राजी करना, इस तरह बनी 'HRRL'

रिफाइनरी की स्थापना के बैकग्राउंड को समझाते हुए अशोक गहलोत ने बताया कि राजस्थान की मरुधरा पर रिफाइनरी लाना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य था। इसके लिए 'हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड' (HPCL) को राजी करना आसान नहीं था।

उन्होंने तकनीकी पहलू स्पष्ट करते हुए लिखा:

  • सामान्य तौर पर देश में होने वाली रिफाइनरी परियोजनाओं में राज्य सरकार की कोई हिस्सेदारी नहीं होती है।

  • लेकिन एचपीसीएल को सहमत करने के लिए तत्कालीन राजस्थान सरकार ने दूरदर्शिता दिखाई और रिफाइनरी में 26% की हिस्सेदारी खुद ली।

  • इसी दूरगामी सोच के परिणामस्वरूप 'एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड' (HRRL) नामक संयुक्त उद्यम (Joint Venture) का गठन हुआ, जिसने आज इस भव्य रिफाइनरी को धरातल पर उतारा है।

Similer Posts