Technology

फ्रांसिसी कार कंपनी रेनो भारत में 4-मीटर से छोटी नई SUV लॉन्च करने की तैयारी

फ्रांसिसी कार कंपनी रेनो भारत में 4-मीटर से छोटी नई SUV लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपनी इस अपकमिंग कार के नाम का खुलासा किया है, जिसे 'रेनो ब्रिजर' नाम से उतारा जाएगा। रेनो कार का कॉन्सेप्ट मॉडल 10 मार्च को अपने ग्लोबल स्ट्रैटेजिक प्लान के दौरान पेश करेगी।

नई कॉम्पैक्ट SUV को भारत में ही डिजाइन किया गया है। यह उन शहरी परिवारों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जो एक छोटी लेकिन स्पेशियस SUV चाहते हैं। इसे 6 एयरबैग्स और टर्बो इंजन के साथ पेश किया जाएगा। भारत में ये मारुति सुजुकी जिम्नी और महिंद्रा थार (3-डोर RWD) को टक्कर देगी।

रेनो ब्रिजर का फिलहाल कॉन्सेप्ट मॉडल पेश किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके प्रोडक्शन वर्जन को 2027 के अंत तक भारत में लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी इसे ₹10 लाख के आसपास की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर सकती है। अभी इसकी बुकिंग शुरू नहीं हुई है।

एक्सटीरियर: LED लाइटिंग सेटअप के साथ मस्कुलर फ्रंट ग्रिल

ब्रिजर की सबसे खास बात इसकी लंबाई है। यह 4-मीटर से छोटी कार होगी, जिससे इसे ट्रैफिक में चलाना और पार्क करना आसान होगा। हालांकि, कंपनी ने अभी पूरे लुक का खुलासा नहीं किया है।

उम्मीद है कि इसमें रेनो डस्टर की तरह ही मस्कुलर फ्रंट ग्रिल, ऊंची ग्राउंड क्लीयरेंस और स्पोर्टी व्हील आर्क्स मिलेंगे। इसमें मॉडर्न LED लाइटिंग सेटअप और स्टाइलिश अलॉय व्हील्स मिल सकते हैं, जो इसे एक प्रीमियम अर्बन SUV का लुक देंगे।