वृंदावन: राधाकेली कुंज आश्रम के पीठाधीश्वर और देश के सबसे लोकप्रिय संतों में शुमार श्रद्धेय प्रेमानंद महाराज का 1 मिनट 19 सेकेंड का एक वीडियो रविवार को 'केली कुंज आश्रम ट्रस्ट' के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया। लंबे समय से गंभीर शारीरिक व्याधियों (दोनों किडनी खराब होने और डायलिसिस) से जूझ रहे महाराजश्री की रात्रि पदयात्रा अचानक बंद होने से भक्त बेहद चिंतित थे, जिन्हें ढांढस बंधाने के लिए वे स्वयं कैमरे के सामने आए।
यूट्यूब पर जारी वीडियो संदेश में प्रेमानंद महाराज ने अपने शिष्यों को निर्भय और निश्चिंत रहने का आशीष देते हुए कहा:
भक्तों के लिए प्रेम: "बिल्कुल चिंता मत करो। हम मिलें न मिलें, बोलें न बोलें, हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं। अंतिम बात यही कि चिंता नहीं करनी। न ये चिंता करनी है कि कैसे हमारा उत्थान होगा। बिना बोले तुम्हारे दिमाग में हम होंगे।"
गुरुदेव बैठे रहेंगे दिमाग में: महाराजश्री ने आगे कहा, "देख लेना तुम वही करोगे, जो गुरुदेव कहेंगे। आप बिल्कुल निश्चिंत रहिएगा। जो जहां जिस सेवा में है, उस सेवा में रहिएगा। खूब नाम जप करो, मंगल होगा। तुम्हारे गुरुदेव तुम्हारे दिमाग में बैठे रहेंगे। आप निर्भय, निश्चिंत, निशोक होकर भजन करो। हमारा जब मन होगा, तब हम बोल देंगे।"
संत प्रेमानंद महाराज ने अपनी आध्यात्मिक स्थिति और वर्तमान मौन का कारण स्पष्ट करते हुए कहा, "हम एकांतवास कर रहे हैं। एकांतवास आपके लिए है, हमारे लिए नहीं। हमारे लिए हम भजन नहीं कर रहे। हमारे लिए हमारा मौन नहीं है। हम आपको सही बताएं तो हमारा जो कुछ होना था (परम पद की प्राप्ति), वो हो गया। जो कुछ हो रहा है, वह सब आपके लिए हो रहा है। खूब भजन करो, नाम जप करो, राधा रानी के आश्रित रहो और सुखी रहो, प्रसन्न रहो।"
वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की आधी रात के बाद होने वाली पारंपरिक पदयात्रा पिछले 9 दिनों (17 मई) से पूरी तरह स्थगित है।
अनाउंसमेंट कर रोका गया था: बीती 17 मई की रात को देश भर से आए हजारों श्रद्धालु सड़कों के किनारे महाराजजी के दर्शन के लिए खड़े थे। लेकिन तड़के 3 बजे जब महाराजजी बाहर नहीं आए, तो उनके शिष्यों ने लाउडस्पीकर से घोषणा की: "महाराजजी का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण आज से पदयात्रा रद्द की जा रही है। कृपया रोड किनारे खड़े होकर भीड़ न लगाएं।"
भक्तों में बढ़ी चिंता: इसके बाद से ही महाराजजी का भक्तों से एकांतिक दर्शन और वार्तालाप भी बंद है। बता दें कि महाराजजी की दोनों किडनियां लंबे समय से खराब हैं और सप्ताह में 2 से 3 बार उनकी डायलिसिस प्रक्रिया होती है।
स्वास्थ्य खराब होने और एकांतवास के बीच, तीन दिन पहले संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार देखा गया था। वे अपने केली कुंज आश्रम से बाहर निकलकर विशेष वाहन से वराह घाट स्थित अपने दीक्षा गुरु संत गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे थे। वहां उन्होंने अपने गुरुदेव के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया था, जिसके बाद भक्तों को उम्मीद जगी है कि महाराजश्री जल्द ही पूर्ण स्वस्थ होकर दोबारा भक्तों को दर्शन देंगे।