World

'पड़ोसी बुरे भी हो सकते हैं, हम आत्मरक्षा के लिए कुछ भी करेंगे': IIT मद्रास में बोले विदेश मंत्री एस. जयशंकर

चेन्नई: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शुक्रवार को आतंकवाद और पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को लेकर भारत का रुख बेहद स्पष्ट और कड़े शब्दों में रखा। IIT मद्रास में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि यदि कोई देश आतंकवाद को नीति के रूप में इस्तेमाल करता है, तो भारत उसे मुंहतोड़ जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा।

 

आतंकवाद पर कड़ा प्रहार: 'हमें आत्मरक्षा का पूरा अधिकार'

विदेश मंत्री ने कहा, "दुर्भाग्य से हमारे पास कुछ ऐसे पड़ोसी हैं जो बुरे हैं। अगर कोई देश यह तय कर लेता है कि वह जानबूझकर, लगातार और बिना किसी पछतावे के आतंकवाद जारी रखेगा, तो हमें अपने नागरिकों की रक्षा करने का पूरा अधिकार है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए किस तरह के कदम उठाएगा, यह पूरी तरह भारत का फैसला होगा। उन्होंने स्पष्ट किया, "कोई हमें यह नहीं बता सकता कि हमें क्या करना चाहिए और क्या नहीं।"

 

बांग्लादेश की स्थिति और खालिदा जिया का जिक्र

पड़ोसी देश बांग्लादेश में हालिया अशांति पर बात करते हुए जयशंकर ने अपनी हालिया यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने बताया, "मैं दो दिन पहले ही बांग्लादेश में था। वहां मैं पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करने गया था।" उन्होंने कहा कि भारत को अलग-अलग तरह के पड़ोसी मिले हैं और स्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहतीं।

 

अच्छे पड़ोसियों के लिए भारत के दरवाजे खुले

डॉ. जयशंकर ने भारत की 'पड़ोसी पहले' (Neighbor First) की नीति को स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत केवल उन्हीं के साथ सहयोग करता है जो सद्भावना रखते हैं। उन्होंने कहा, "अगर कोई पड़ोसी अच्छा है या कम से कम हमारे लिए नुकसानदायक नहीं है, तो हमें कोई परेशानी नहीं है। जहाँ भी अच्छे पड़ोसी होने की भावना होती है, भारत वहां निवेश करता है, मदद करता है और अपने संसाधन साझा करता है।"

 

सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगा भारत

विदेश मंत्री का यह बयान अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बदलती और आक्रामक विदेश नीति का संकेत है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि देश की अखंडता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। खुद को बचाने के लिए जो कुछ भी आवश्यक होगा, भारत वह कदम उठाने के लिए स्वतंत्र है।